सेमीफाइनल में रोपड़ के तरुण को हराया, फाइनल माली दिल्ली के संदीप के नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की खरयालता पंचायत के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक गुग्गा जाहरवीर मंदिर बही में विशाल दंगल का आयोजन किया गया। इसमें हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित कई राज्यों के नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया। दंगल का मुख्य आकर्षण रही हमीरपुर की नेशनल कुश्ती खिलाड़ी कृतिका, जिसने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका मन मोह लिया। शुरुआत में दर्शकों को आश्चर्य हुआ कि एक लड़की किससे मुकाबला करेगी। लेकिन कृतिका ने समिति सदस्यों से साफ कहा कि वह किसी भी पहलवान से भिड़ने को तैयार है। इसके बाद हुए सेमीफाइनल में कृतिका ने पंजाब के रोपड़ के पहलवान तरुण को कड़े संघर्ष के बाद पटखनी देकर जीत हासिल की और साबित कर दिया कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, बस उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलना चाहिए। शुक्रवार देर शाम हुए फाइनल मुकाबले में दिल्ली के संदीप और पंजाब के तरनतारन के जींदा के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली। कड़े संघर्ष के बाद दिल्ली के संदीप ने फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया। विजेताओं को नकद पुरस्कार व मालाओं से सम्मानित किया गया। संदीप को फाइनल जीतने पर 4100 रुपये व माला, उपविजेता को 3100 रुपये, सेमीफाइनल विजेता को 2100 रुपये, तथा उपविजेता तरुण को 1100 रुपये की राशि प्रदान की गई।