हरोली क्षेत्र में गूग्गा जाहर वीर की गाथाओं का गुणगान करती मंडली।संवाद
- फोटो : samvad
टाहलीवाल (ऊना)। पूरे भारत में जहां रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। वहीं इस दिन से ही गुग्गा जाहर वीर की महिमा का गुणगान करने की परंपरा भी शुरू हो गई। हरोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिंगा में दर्शन सिंह गोगी मंडली नंगे पांव गांव-गांव जाकर गुग्गा जाहर वीर की गाथाओं का बखान कर रही है। यह यात्रा नौ दिन चलेगी और 17 अगस्त को गुग्गा नवमीं के दिन सम्पन्न होगी। मंडली के गुरदेव सिंह उर्फ ज्ञानी बाबा ने बताया कि गुग्गा जाहर वीर का जन्म राजस्थान के चुरू जिले के ददरेवा में नवमीं को हुआ था। उन्हें सर्पों के देवता के रूप में पूजा जाता है। सिंगा की यह मंडली 8 से 10 सदस्यों के समूह में डमरू, ढोलकी सहित स्थानीय वाद्य यंत्रों के साथ रक्षाबंधन से लेकर गुग्गा नवमीं तक गांव-गांव भ्रमण करती है। लोग श्रद्धा से मंडली को दाने, पैसे, बधाइयां और चाय-पानी का प्रसाद देते हैं। कई परिवार रात को अपने घर बुलाकर गुग्गा वीर का गुणगान भी करवाते हैं। इस मंडली में रवि सिंह राणा, सोम नाथ, सुरजीत कुमार, काका, जिंद, जगदेव सिंह, जीवन कुमार, सुभाष चंद, लवली, गुलशन, संदीप कुमार, संजू, धर्म दास सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।