90साल के दादा को कंधे पर उठाकर ले आया पोता,कंधे पर ही बैठाकर पहुंचाया माता रानी के दरबार।
भरवाईं (ऊना)। शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में माता रानी के भक्तों की सच्ची श्रद्धा और आस्था की बहुत तस्वीरें आपने देखी होंगी। ऐसी ही तस्वीर रविवार को सामने आई, जब विजय कुमार अपने दादा को कंधों पर बैठाकर मां के दरबार लेकर पहुंचा। एक तो माता रानी के दर्शनों की श्रद्धा तो वहीं दूसरी तरफ पोते का दादा के प्रति फर्ज और प्यार देखने लायक रहा। इन बुजुर्ग की उम्र 90 साल है और उनका नाम चेतराम है। चेतराम राजस्थान में अजमेर के रहने वाले हैं। उनके मन में इच्छा हुई कि मां चिंतपूर्णी के दरबार में दर्शनों के लिए जाना है। बस फिर क्या, उनके पोते ने अपने कंधों पर उठाकर माता रानी के दरबार पहुंचा दिया। देखने वाली बात यह है कि चेतराम के पोते विजय कुमार मंदिर में दर्शनों के लिए लिफ्ट से न जाकर लाइन में लगकर ही माता रानी के मंदिर पहुंचे। विजय कुमार ने बताया कि उनके दादा की आंखों की रोशनी बहुत कम है और वह अकेले बड़ी मुश्किल से चल पाते हैं। रविवार को पूरे परिवार के साथ माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाने आए हैं।