अंब(ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब में शुक्रवार को हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत मानक हिंदी की दक्षता संबंधी कार्यक्रम करवाया गया। सभी विद्यार्थियों से व्याकरण से जुड़े प्रश्न पूछे गए। इसमें विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के व्याकरण को जाना। सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में कुल 70 विद्यार्थी उपस्थित रहे। डॉ. कुमारी सुजाता ने कहा कि हिंदी का व्याकरण अपने आप में ही पूर्ण है। यह हिंदी का आधार है। कामता प्रसाद गुरु जैसे विद्वानों ने इसका बहुत ही सरल रूप लिखकर पाठक वर्ग को अमूल्य खजाना दिया है। हिंदी व्याकरण की जानकारी हमारी हिंदी को और ज्यादा असरदार बना सकती है। व्याकरण के जरिए विद्यार्थियों को यह पता चलता है कि किसी वाक्य में शब्दों को कैसे लिखना। इसकी मदद से विद्यार्थियों की वर्तनी भी सुधरती है। इस अवसर पर कोमल, राजेश, शुभम, मीनाक्षी, सुहानी, प्रिया, नीरू, अभिषेक, मन्नत,नैना, आंचल आदि ने मानक हिंदी की दक्षता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।