बरनोह और संतोषगढ़ के रहने वाले दोनों युवकों को शिमला में मिलेगा पुरस्कार
अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य पदार्थ दुरुपयोग दिवस के उपलक्ष्य पर आज जाएंगे शिमला
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य पदार्थ दुरुपयोग दिवस के उपलक्ष्य पर नशे के खिलाफ आवाज बुलंद कर माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त करने में पुलिस की मदद करने के चलते जिला ऊना के दो नौजवानों को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल शिमला में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित करेंगे।
पहाड़ पर पनप रहे नशा माफिया को जड़ से खत्म करने के लिए प्रदेश पुलिस ने जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए ही यह पहल शुरू की है। जिला पुलिस की ओर से अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य पदार्थ दुरुपयोग दिवस के उपलक्ष्य पर प्रदेश पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इन दो नौजवानों के नामों की संस्तुति की गई थी, जिन्हें 27 जून को शिमला में होने वाले कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
पंजाब से होते हुए पहाड़ चढ़ने को आतुर नशा रूपी दानव को जड़ से मिटाने के लिए प्रदेश पुलिस ने मुहिम शुरू की है। इसके तहत पुलिस सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए हर कारगर प्रयास कर रही है। हालांकि जन सहभागिता न के बराबर होने के कारण पुलिस भी इस काले कारोबार की बड़ी मछलियों तक पहुंचने में कई बार खुद को असहाय महसूस करती है। यही वजह है कि पुलिस ने अब जन सहभागिता को सुनिश्चित करने के लिए आम जनता को भी पुलिस के सहयोग के लिए प्रेरित करना शुरू किया है। इसी कड़ी में जिला पुलिस ने स्टेट सीआईडी को ऊना तहसील के बरनोह गांव के अभिषेक ठाकुर और संतोषगढ़ के भूपेंद्र सिंह के नाम सुझाए थे, जिनके इनपुट पर पुलिस नशे की बड़ी खेप पकड़ने में कामयाब हुई थी। अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य पदार्थ दुरुपयोग दिवस के उपलक्ष्य पर पुलिस का सहयोग करने वाले ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए ही शिमला में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ऐसे लोगों को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने नशे के मकड़जाल को काटने के लिए पुलिस का सहयोग किया। एसपी कार्यालय ऊना से बकायदा इन नौजवानों को पत्र भेजकर इस सम्मान के बारे में सूचित करते हुए उन्हें शिमला ले जाने के लिए एक हेड कांस्टेबल भी तैनात किया गया है।
एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए अगर स्थानीय लोग भी आगे आएं, तो इसका समूल नाश किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन नौजवानों ने समाज को जो राह दिखाई है, उसका अन्य लोग भी अनुसरण करें।