ऊना। भाजपा जिला अध्यक्ष एवं चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक रहे बलबीर चौधरी ने कहा कि श्री माता चिंतपूर्णी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जबरन लोगों से पैसे की उगाई की जा रही है और इतना ही नहीं, बल्कि माता चिंतपूर्णी के ट्रस्ट से 50 लाख रुपये भी मंजूर करवा दिए गए हैं।
वहीं, बाहरी राज्यों के कारोबारी का बोलबाला है, स्थानीय कारोबारी परेशान हैं। यहां भाजपा कार्यालय ऊना में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने श्री माता चिंतपूर्णी महोत्सव को लेकर जितनी भी उगाई की है या खर्च किया जा रहा है, उसके ऊपर कांग्रेस सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है और चिंतपूर्णी के विधायक के ऊपर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति के अनुसार हर साल पितरों को शांत करने के लिए श्राद्ध मनाए जाते हैं और यह कार्यक्रम 16 दिन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान कोई भी शुभ कार्य या खुशी का काम नहीं किया जाता है, लेकिन विधानसभा क्षेत्र के विधायक और कांग्रेस की सरकार श्राद्ध में महोत्सव मनाने के नाम पर पूरे जिले में लूटपाट कर रही है। उन्होंने कहा है कि हर विभाग को 50 रुपये की पर्ची आम जनता से काटने के निर्देश दिए गए हैं और उल्टा 500 से लेकर 1000 रुपये की पर्ची के नाम पर गुंडा टैक्स वसूला जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस ग्राउंड में यह महोत्सव मनाया जा रहा है। वहां पर माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत किसी भी प्रकार की गतिविधि के आयोजन को लेकर स्टे आर्डर जारी हुए हैं। सिर्फ स्कूल की गतिविधि को लेकर ही छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि हम पहले भी महोत्सव का विरोध करते आए हैं और आगे भी करते रहेंगे। अगर बेहतर होता है यही महोत्सव माता चिंतपूर्णी के परिसर में होता। इस दौरान भाजपा महामंत्री राज कुमार पठानिया, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।