फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: चौआर में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन निर्माण को सरकार की हरी झंडी

Fri, 06 Nov 2026 11:50 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
अंब(ऊना)। दिवाली के पावन अवसर पर विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी के लोगों को एक और बड़ी सौगात मिली है। चौआर गांव के ग्रामीणों को जल्द ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं की मिलने जा रही है। गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र के नए भवन निर्माण को लेकर लंबे समय से बना गतिरोध अब पूरी तरह समाप्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने इस परियोजना के लिए 72.05 लाख रुपये का बजट मंजूर कर संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति औपचारिक रूप से प्रदान कर दी है। सरकार के इस कदम से क्षेत्र में बुनियादी ग्रामीण चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को नई गति मिलेगी और स्थानीय आबादी को प्राथमिक उपचार के लिए दूरदराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव जितेंद्र संजटा की ओर से छह नवंबर को स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक को इस संबंध में आधिकारिक स्वीकृति पत्र भेजा गया है। जारी आदेशों के तहत यह पूरी धनराशि चालू वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य अधोसंरचना और अस्पतालों के उन्नयन से जुड़ी योजना के तहत जारी की जाएगी। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भवन निर्माण से जुड़ी तमाम तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताओं को बिना किसी देरी के पूरा किया जाए ताकि निर्माण कार्य जल्द धरातल पर शुरू हो सके। नए स्वास्थ्य उपकेंद्र के तैयार होने से चौआर और इसके आसपास की पंचायतों के हजारों लोगों को अपने ही गांव के समीप नियमित जांच, टीकाकरण, प्राथमिक उपचार और आवश्यक दवाइयों की सुविधा सुलभ हो सकेगी। वर्षों से इस भवन की बाट जोह रहे स्थानीय निवासियों ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताई है और उम्मीद व्यक्त की है कि तय समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का हृदय से आभार व्यक्त किया है। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना और क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। चौआर में स्वास्थ्य उपकेंद्र के नए भवन का निर्माण होने से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें