बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ के भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि राज्य सरकार का स्कूल बंद करने का फैसला नन्हे बच्चों को मुसीबत में डाल सकता है। यहां जारी किए गए प्रेस बयान में कहा कि कुटलैहड विस क्षेत्र में आठ स्कूल बंद किए हैं। अब नन्हे बच्चों को चार से छह किमी की दूरी तय करके अब दूसरे स्कूल में जाना पड़ेगा। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विस क्षेत्र में प्राइमरी स्कूल पनेड बंद करके उसे थानाकलां स्कूल में मर्ज किया है, जिसकी दूरी चार किमी है। वहीं खनेड़ स्कूल बंद करके उसे ककराणा स्कूल में मर्ज किया है, जिसकी दूरी तीन किमी है। उसके बाद भरमौत स्कूल को बंद किया हैं और उसे मझियानी स्कूल में मर्ज किया है, जिसकी दूरी चार किमी बनेगी। वहीं, बुहाना स्कूल को बंद कर उसे तलमेहड़ा स्कूल में मर्ज किया हैं। इसकी दूरी सात किमी के करीब बनेगी। कूड स्कूल को बंद कर क्यारियां में मर्ज किया है, जिसकी दूरी भी चार किमी से ज्यादा है। सोलहसिंह धार के मिडिल स्कूल हटवाना को बंद कर जटेहड़ी स्कूल में मर्ज किया है और चडोली मिडल स्कूल को बंद करके तलमेहड़ा में मर्ज किया है। भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ के प्राइमरी और दो मिडल स्कूल बंद कर राज्य सरकार ने कुटलैहड़ के नन्हे छात्रों और जनता के साथ धोखा किया है। कहा कि उपचुनाव के दो माह के कार्यकाल में ही कुटलैहड़ के आठ स्कूल बंद कर जनता को बड़ा तोहफा दिया है।