ऊना। संतोषगढ़ के वार्ड-2 में दो युवकों ने दुकान पर बैठी 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। घटना सोमवार शाम करीब 4:45 बजे की है। वारदात के बाद दोनों आरोपी काले रंग की बाइक पर भाग गए। पुलिस को दी शिकायत में प्रदीप भारद्वाज ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे उनकी माता दुकान के बाहर दो-तीन महिलाओं के साथ बैठी थीं। इसी दौरान संतोषगढ़ की ओर से बाइक पर दो युवक पहुंचे। इनमें से एक युवक दुकान पर सामान खरीदने गया और कुछ देर बाद बाहर आया। आरोप है कि बाहर निकलते ही उसने महिला के गले से सोने की चेन झपटी और साथी के साथ बाइक पर भाग गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों की तलाश शुरू कर दी है।