बाबा गरीब नाथ मंदिर के समीप झील का देखने को मिल रहा मनोरम दृश्य
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। गोबिंद सागर झील इस समय पूरी तरह लबालब है और आसपास के क्षेत्रों के लिए पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण बन गई है। दूरदराज से आने वाले लोग इसकी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण का आनंद ले रहे हैं। लठियाणी तट पर स्थित बाबा गरीब नाथ मंदिर के समीप झील का मनोरम नजारा सैलानियों को खासा आकर्षित कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हालिया बारिश और पर्याप्त जल संचयन से झील की भव्यता और बढ़ गई है। पर्यटक यहां झील किनारे घूमते, तस्वीरें खींचते और मंदिर की शोभा का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने क्षेत्र की साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही है, ताकि पर्यटकों को सुखद अनुभव मिल सके। झील की यह छटा न केवल स्थानीय निवासियों के लिए खुशी का कारण बनी है, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी नई गति दे रही है।