ऊना। हरोली क्षेत्र के भैणी खड्ड गांव में रात के समय अज्ञात लोग बकरियां चोरी कर ले गए। घटना का पता सुबह उस समय चला, जब पशुपालक की पत्नी बाड़े में बकरियों को देखने पहुंची। इसके बाद आसपास तलाश करने के बावजूद चोरी हुई बकरियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार भैणी खड्ड निवासी सतनाम सिंह ने शिकायत में बताया कि उसकी बाड़े से 4 बकरियां गायब हैं। इसके साथ ही पास में उसके रिश्तेदार सरवन कुमार का बाड़ा भी है। वहां से भी एक बकरी और एक बकरा गायब पाया गया। दोनों परिवारों ने आसपास के क्षेत्र में बकरियों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। शिकायत मिलने के बाद पंडोगा पुलिस चौकी की टीम मामले की जांच कर रही है। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही चोरी हुई बकरियों की तलाश कर रही है।