बंगाणा (ऊना)। मध्य प्रदेश के इंदौर में चल रही नेशनल जूनियर थ्रो बॉल प्रतियोगिता में पहले दिन हिमाचल की लड़कियों ने झारखंड और लड़कों की टीम ने बिहार की टीम को हराकर अगले दौर में जगह बनाई है। पहले दिन हिमाचल प्रदेश की लड़कियों की टीम की झारखंड के साथ कांटेदार टक्कर हुई। इसमें हिमाचल की लड़कियों की टीम ने 24-20 से जीत हासिल की। वहीं, लड़कों की टीम ने बिहार की टीम को दो शून्य से हराकर जीत हासिल की। इसमें हिमाचल प्रदेश के आदर्श राणा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। थ्रो बॉल एसोसिएशन के महासचिव जोगिंद्र देव आर्य ने बताया कि अगले मैच में हिमाचल की लड़कियों का छत्तीसगढ़ जबकि लड़कों की टीम का मुकाबला तमिलनाडु के साथ होगा। वहीं, दोनों टीमों के खिलाड़ी बढ़िया प्रदर्शन कर अगले मैच के लिए तैयारी कर रहे हैं। इस मौके पर इंदु शर्मा, कोच पूर्ण चंद शर्मा, मुरारी लाल, सीमा शर्मा, सताक्षी शर्मा, राकेश शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।