दिसंबर में कोलकाता में होगी विभिन्न राज्यों की टीमों के बीच प्रतियोगिता
एचपीसीए की ओर से ऊना क्रिकेट स्टेडियम में 30 नवंबर तक चलेगा अभ्यास सत्र
इंडिया की महिला टीम की सदस्य खिलाड़ी भी लेंगी प्रदेश की टीम में हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल की कुड़ियां कोलकाता में होने वाली सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में चौके-छक्के लगाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रही हैं। ऊना के इंदिरा गांधी क्रिकेट मैदान पर सीनियर खिलाड़ियों का साप्ताहिक शिविर 30 नवंबर तक जारी रहेगा। प्रतियोगिता में जीत दर्ज करने के लिए यहां सभी खिलाड़ी कोच से क्रिकेट की बारीकियों को समझ रहीं हैं। दूसरे ओर अपने अनुभव से भी अभ्यास में आगे बढ़ रही हैं। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले इन खिलाड़ियों में भारतीय महिला टीम की सदस्य रही सुषमा वर्मा का हुनर भी देखने को मिलेगा। सुषमा वर्मा फिलहाल मुंबई में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के ट्रायल के लिए गई हुई हैं जो बाद में हिमाचल टीम को कोलकाता में होने वाली प्रतियोगिता में ही ज्वाइन करेंगी। फिलहाल ऊना खेल मैदान पर टीम की खिलाड़ी पसीना बहा रही हैं। इनमें से अंतिम खिलाड़ियों को कोच सूचीबद्ध करेंगे। महिला सीनियर खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, क्षेत्ररक्षण, विकेट कीपिंग, गेंदबाजी आदि विभिन्न पहलुओं को परखा जा रहा है। कोलकाता में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चार दिसंबर को हिमाचल टीम का पहला मैच रेलवे टीम से होगा। इसके लिए अव्वल खिलाड़ियों को चुनने के लिए प्रक्रिया अभी जारी है। एचीसीसीए के मुख्य कोच पवन सेन ने बताया कि 24 से 30 नवंबर तक सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए एचपीसीए के माध्यम से ट्रायल जारी है। इसमें से खिलाड़ियों की छंटनी की जाएगी।