संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। महिला पुलिस थाना में एक युवती ने दो लोगों के खिलाफ छेड़खानी करने और धमकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार युवती ने पुलिस को बताया कि वह प्रतिदिन की तरह अपने पड़ोसियों के घर दूध पहुंचाने गई। जब वहां से लौट रही थी तो गांव के ही दो आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। एक आरोपी ने उसे बाजू से पकड़ लिया और दोनों उसे जंगल की तरफ जबरदस्ती खींचकर ले जाने लगे। आरोपी कहने लगे कि जो आपने थाना अंब में हमारे परिवार के खिलाफ अपशब्द बोलने की शिकायत दी, उसे वापस लो। ऐसा नहीं करने पर तुम्हें शादी के लायक नहीं छोडेंगे। जब उसने शोर किया तो उसकी भाभी वहां पर आई और आरोपी भाग गए। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।