झलवाण गांव में उपभोक्ताओं में आक्रोश
सप्ताह भर से गैस की गाड़ियां न रुकने पर उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालकों के विरुद्ध जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में घरेलू गैस की नियमित आपूर्ति के बावजूद उपभोक्ताओं का आक्रोश कम नहीं हो रहा है। शहर के नजदीकी झलवाण गांव में वीरवार को उपभोक्ताओं को करीब चार घंटे तक गैस की गाड़ी का इंतजार करना पड़ा। उपभोक्ताओं के अनुसार उनके पास गैस सिलिंडर होने के बावजूद गाड़ी रुकने के बजाय निकल गई, जिससे विवाद हो गया।उपभोक्ताओं का कहना है कि वे पिछले एक सप्ताह से सिलिंडर की आपूर्ति के लिए इंतजार कर रहे हैं, लेकिन रोजाना गैस की गाड़ियां उन्हें सिलिंडर उपलब्ध कराए बिना चली जा रही हैं। वीरवार दोपहर बाद उन्होंने गाड़ी का घेराव किया और गैस सिलिंडर की मांग की तो उन्हें अन्य निर्धारित रूट का हवाला देकर टाल दिया गया। झलवाण गांव की गैस उपभोक्ता मधु देवी, चंद्रकांता, देश राज, नीमा देवी और बलवीर चौहान ने कहा कि नियमित आपूर्ति न होने से उन्हें लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। इंडेन गैस एजेंसी जोगिंद्रनगर के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि वीरवार को शहर, गरोडू और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलिंडर की आपूर्ति की गई। झलवाण गांव में निर्धारित रूट के अनुसार सिलिंडर की आपूर्ति होगी। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति हो रही है, बावजूद इसके कुछ उपभोक्ता अतिरिक्त सिलिंडर के लिए लामबंद हो रहे हैं। इस स्थिति की जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।