थानाकलां (ऊना)। जिलेभर में अब गैस सिलिंडर रिफिल करवाने की प्रक्रिया पहले जैसी नहीं रही है। अब गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसका उद्देश्य गैस उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड को अद्यतन करना तथा वास्तविक उपभोक्ताओं का विवरण सुनिश्चित करना है। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक ई केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करवाई है उन्हें भविष्य में गैस सिलिंडर रिफिल करवाने के समय गैस कनैक्शन ब्लॉक होने जैसी समस्या का सामना करना पड़ सकता है। गैस एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं को 30 सितंबर तक अपनी ई केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने का समय दिया गया था, निर्धारित समय में ई केवाईसी प्रक्रिया पूरी न करने वाले उपभोक्ताओं का गैस कनेक्शन खुद बंद हो जाएगा। हालांकि इस समस्या से बचने के लिए उपभोक्ता कभी भी अपनी संबंधित गैस एजेंसी में पहुंचकर ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरा करवा सकते हैं। कमल गैस एजेंसी प्रबंधक बलवीर सिंह ने बताया कि ई-केवाईसी पूरी होने से ब्लॉक हुए गैस कनेक्शन को दोबारा शुरू किया जा सकता है। बंगाणा गैस सर्विस के प्रबंधक मदन सोनी ने बताया कि करीब 90 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है जबकि जिन उपभोक्ताओं ने 30 सितंबर तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है, उनके गैस कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निरीक्षक नरेंद्र हीर ने बताया कि विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी करवाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। हालांकि, जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुई है, उनकी सुविधा के लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया अभी भी जारी है।