पुलिस एक सप्ताह के भीतर आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर ऊना लाने के लिए प्रयासरत
आरोपी के पंजाब पुलिस की पूछताछ पूरी होने का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ख्वाजा बसाल क्षेत्र में 27 जुलाई को अरनियाला निवासी राकेश कुमार उर्फ गग्गी की हत्या मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार आरोपी को जिला पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और संभावना है कि आरोपी को एक सप्ताह के भीतर ऊना लाया जाएगा।सूत्रों के अनुसार आरोपी ने पंजाब पुलिस की पूछताछ में कबूल किया है कि वह गग्गी हत्याकांड का मुख्य शूटर था। हालांकि, वारदात में शामिल दूसरा बाइक सवार कौन था, यह अभी सामने नहीं आया है। इसके अलावा मृतक गग्गी का मोबाइल फोन भी अब तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का मानना है कि मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। बीते 29 अगस्त को पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने होशियारपुर निवासी शूटर विपन कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 0.32 बोर की देसी पिस्तौल और छह कारतूस भी बरामद किए गए। बताया गया कि विपन खरड़ के आसपास किसी बड़ी वारदात की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही एजीटीएफ टीम ने उसे दबोच लिया। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने भी सोशल मीडिया पर पुष्टि की थी कि आरोपी विपन कुमार ही ऊना के बसाल में हुए गग्गी हत्याकांड का मुख्य शूटर है। वर्तमान में आरोपी से पूछताछ जारी है, जिसमें कई अहम तथ्य सामने आ रहे हैं। जांच में सामने आया है कि गग्गी की हत्या विदेश में बैठे गैंगस्टरों के बीच चल रही गैंगवार का नतीजा थी। यह गैंगवार लड्डी भजल उर्फ कूनर और मोनू गुज्जर (रवि बलाचौरिया गैंग) बनाम बब्बी राणा (सोनू खत्री गैंग) के बीच चल रही दुश्मनी का हिस्सा थी। मृतक राकेश उर्फ गग्गी, बब्बी राणा का करीबी सहयोगी था, जबकि बब्बी राणा खुद सोनू खत्री के नजदीकी तौर पर जाना जाता है। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि खरड़ में पकड़े गए शूटर को जल्द से जल्द ट्रांजिट रिमांड पर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ में उसके सहयोगी बाइक सवार की पहचान और अन्य कड़ियां भी उजागर की जाएंगी।