अंब (ऊना)। मिड-डे मील का खर्च मिलने में देरी पर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड अंब ने असंतोष प्रकट किया। इसके साथ संघ ने रक्षा बंधन, करवाचौथ और भाई दूज पर पूर्ण अवकाश किए जाने की मांग की। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड अंब के प्रधान जगदेव सिंह जग्गी, महासचिव संजय धीमान, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, जिला कोषाध्यक्ष जगमोहन सिंह मनकोटिया, राज्य सहसचिव केशव सिंह डढवाल, वरिष्ठ उपप्रधान यशपाल सोनी और अन्य का कहना है कि मिड-डे मील अध्यापकों के लिए दिन प्रतिदिन मुश्किल खड़ी करता जा रहा है। पिछले तीन महीने से विभाग की ओर से मिड-डे मील का खर्च स्कूलों को नहीं दिया गया है। दुकानदार भी अब और ज्यादा उधार देने के लिए मना कर रहे हैं। क्योंकि महंगाई के इस दौर में कोई भी दुकानदार इतना लंबा उधार नहीं देता है। ऊपर से विभाग की ओर से आदेश जारी किए गए कि मिड-डे मील का भुगतान चेक के माध्यम से किया जाए। शिक्षा खण्ड अंब के अध्यापकों का कहना है कि जब विभाग की ओर से राशि ही नहीं दी जा रही है तो चेक कैसे काटें। यह एक चिंता का विषय है। जगदेव सिंह जग्गी का कहना है कि हिमाचल सरकार की ओर से रक्षाबंधन, करवा चौथ और भाई दूज में महिलाओं के लिए अवकाश का प्रावधान किया है। इसमें बदलाव किया जाए। यह अवकाश स्कूलों में पूर्ण रूप से होना चाहिए। इसके लिए चाहे विभाग अन्य अवकाशों में से कटौती कर ले। क्योंकि स्कूलों में 70 प्रतिशत महिला कर्मचारी है।