नागपुरी संतरा 30 रुपये की वृद्धि के साथ 150 रुपये प्रति किलो बिक रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। चैत्र नवरात्र में फलों के दाम में उछाल आया है। पिछले वर्ष नवरात्र में फलों के दाम में सेब डेढ़ सौ रुपये प्रति किलो था। इस बार 200 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। आम 180 रुपये था, जो वर्तमान में 200 रुपये बिक रहा है। नारियल 70 रुपये प्रति नारियल के हिसाब से बिक रहा है। इसके दाम यथावत ही हैं। जबकि, नागपुरी संतरा पिछले साल 120 रुपये के हिसाब से बिक रहा था। इस बार इसके दाम में भी 30 रुपये वृद्धि होते हुए 150 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। बाबूगोशा ढाई सौ से 300 रुपये में बिक रहा है। चीकू 150 रुपये के हिसाब से बाजार में दुकानदारों की ओर से बेचा जा रहा है। जबकि, अमरूद का रेट गत वर्ष 100 रुपये प्रतिकिलो था। इस बार 150 रुपये के हिसाब से बिक रहा है। केले के दाम जहां पिछले साल 100 रुपये थे। इस बार 80 रुपये प्रति दर्जन के हिसाब से बेचा जा रहा है। दुकानदारों में मुकेश कुमार का कहना है कि चैत्र नवरात्र में फलों के दामों में वृद्धि हुई है। वह फल बाहरी राज्यों से लाते हैं और इसके साथ भाड़े सहित जो दाम तय हैं, उनके हिसाब से फल बेचे जा रहे हैं। रूप कुमार का कहना है कि केले के दाम भले ही इस बार नवरात्र में 80 रुपये प्रति दर्जन के हिसाब से बेचे जा रहे हैं। जबकि गत वर्ष यह 100 और 120 की रेंज में बेचा जाता था और नारियल का दाम भी यथावत है। बाकी फलों के दामों में इस बार इजाफा हुआ है।