हरोली पुलिस ने राजीव पाठक की स्मृति में चलाया सड़क सुरक्षा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। प्रेस क्लब हरोली की ओर से स्वर्गीय राजीव पाठक की स्मृति में टाहलीवाल में विशेष सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा अभियान चलाया गया। शुरुआत प्रेस क्लब भवन में हुई। दो मिनट का मौन रखकर पाठक को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद टाहलीवाल बस स्टैंड पर हरोली पुलिस के सहयोग से वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान उन वाहन चालकों को औषधीय और फलदार पौधे वितरित किए गए, जो हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चला रहे थे या कार में सीट बेल्ट का प्रयोग कर रहे थे। साथ ही इन वाहन चालकों को जूस भी वितरित किया गया। हरोली ब्लॉक इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल ने कहा कि इस अभियान से प्रेरित होकर वे जल्द ही हरोली क्षेत्र के सभी उद्योगों में चेतावनी नोटिस लगाने की पहल करेंगे। इस नोटिस के तहत कामगारों को हेलमेट पहनकर आने पर ही ड्यूटी पर लिया जाएगा। एसएचओ हरोली सुनील संख्यान ने प्रेस क्लब हरोली के इस पहल को सराहा और इसे अनुकरणीय कदम बताया।