ऊना। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने रविवार को ऊना में जारी बयान में कहा कि वर्तमान सरकार में जनता त्रस्त और मित्र मस्त हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार को मित्र सुख के सिवा कुछ दिख ही नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला के थाना क्षेत्र नादौन की सनाही पंचायत के तेलकड़ गांव में घर में पुलिस की दबिश से आहत व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ग्रामीण ने अवैध हथियार रखने की झूठी शिकायत दी थी। आत्मसम्मान आहत होने से 49 वर्षीय रघुवीर सिंह पुत्र स्वर्गीय स्वर्ण सिंह ने पुलिस के जाने के आधे घंटे के भीतर ही कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। हमीरपुर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह का गृह जिला है। वहां पर इस प्रकार की वारदातें बढ़ती चली जा रही हैं। कई घटनाएं यहां सामने आई हैं, पर सरकार उन मामलों पर भी चुप रही।
उन्होंने कहा कि 13 जुलाई को जिला हमीरपुर के थाना बड़सर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया। युवक के साथ एक दिन पूर्व मारपीट हुई, अगली रात को युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद नशामुक्ति केंद्र का संचालक फरार बताया जा रहा है। संचालक भोरंज निवासी बताया जा रहा है। हमीरपुर में क्या नशामुक्ति केंद्र में भी क्राइम को संरक्षण मिल रहा है, यह अपने आप में एक बड़ी बात है। इसी प्रकार 20 जुलाई को जिला हमीरपुर में थाना नादौन के तहत तेलकड़ गांव में व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला आचंभित करता है। संवाद