ऊना अस्पताल में डाॅक्टर की हड़ताल से परेशान मरीज।संवाद
चिकित्सकों की हड़ताल के चलते मरीजों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीमारी के हालत में मरीज कतार में खड़े होकर चिकित्सकों का इंतजार करने के लिए मजबूर हैं। शुक्रवार को चौथे दिन भी चिकित्सकों की हड़ताल जारी रही। हड़ताल के कारण सभी ओपीडी के बाहर मरीजों की कतारें लगी रहीं। मरीज पर्ची लेकर ओपीडी के बाहर चिकित्सकों का इंतजार करते रहे। चिकित्सकों की हड़ताल के कारण मरीजों को आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेन डाउन स्ट्राइक के कारण डॉक्टर ओपीडी में 12 बजे बैठ रहे हैं। ऐसे में मरीजों को चिकित्सक की तरफ टेस्ट करवाने के लिए कहा जाता है। ऐसे में ओपीडी के अलावा टेस्ट केंद्र के बाहर भी मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। शुक्रवार को उपचार के लिए अंब व भरवाईं से पहुंचे मरीजों ने बताया कि वह सुबह पर्ची काउंटर से पर्ची लेकर ओपीडी के बाहर बैठे हैं। रात से बुखार व अन्य दिक्कतों के चलते सुबह क्षेत्रीय अस्पताल में जांच के लिए पहुंचे। अब चिकित्सक 12 बजे के बाद ओपीडी में बैठेंगे। ऐसे में मजबूरी में अब चिकित्सक के बैठने का इंतजार करना पड़ेगा। शुक्रवार को भी चिकित्सकों ने अपनी मांगों को लेकर अस्पताल में पेन डाउन स्ट्राइक की। इस मौके पर डाॅ. विकास चौहान, डाॅ. अंकुश शर्मा, डाॅ. चंदर मल्होत्रा, डाॅ. दिव्यांश शर्मा, डाॅ. राहुल कौंडल, डाॅ. प्रियंका शर्मा, डाॅ. स्वींकी जैन, डाॅ. रेवा सूद, प्रदीप कुमार अत्री, डाॅ. राहुल टंडन सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।