संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला मवा सिंधिया के विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों को आइना दिखाया है। इस स्कूल के चार विद्यार्थियों ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रदेश परीक्षा पास कर लोहा मनवाया। इसके लिए स्कूल के शिक्षकों की मेहनत को भी कम नहीं आंका जा सकता। दरअसल राजकीय प्राथमिक केंद्र विद्यालय मवा सिंधिया में शिक्षक अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा उपलब्ध नहीं करवा रहे बल्कि स्कूल में स्मार्ट बोर्ड, वाई-फाई सिस्टम, स्कूल वैन, मुफ्त कंप्यूटर शिक्षा के साथ निशुल्क नवोदय व सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी करवा रहे हैं। राजकीय प्राथमिक केंद्र विद्यालय मवा सिंधिया की मुख्य केंद्र शिक्षिका अनीश कुमारी ने बताया कि स्कूल के शिक्षक राज कुमार, रमन कुमार, सुरेश कुमार, सुषमा देवी, कुलविंदर, सुनीता, रेखा व साक्षी की टीम विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए कृतसंकल्प है और प्रत्येक विद्यार्थी के मूल गुणों को पहचान कर उसी के अनुसार पढ़ाई व अन्य गतिविधियां करवाई जाती हैं। इस साल भी जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में यशित राणा पुत्र संजीव कुमार, निशांत पुत्र सुशील कुमार, अनन्या धीमान पुत्री किशोरी लाल व पलक पुत्री संजीव कुमार कामयाब रहे हैं।