भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में प्रसाद योजना के तहत प्रस्तावित विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर चार दुकानदारों की दुकानें हटाई जाएंगी। नई दुकानें तैयार होने के बाद इन चार दुकानदारों को वहां शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद मौजूदा चार दुकानों को तोड़कर प्रस्तावित विकास कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। इन दुकानदारों को नई दुकानें उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी लेकिन उन्हें गुजारा भत्ता नहीं दिया जाएगा। यानी पुरानी दुकानों को खाली करने और नई दुकानों में शिफ्ट होने के दौरान दुकानदारों को अलग से आजीविका भत्ते का भुगतान नहीं किया जाएगा। मंदिर क्षेत्र के विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के तहत दुकानों के पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया को विकास योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद मंदिर परिसर में प्रस्तावित निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है। मंदिर अधिकारी संजीव ने बताया कि चार दुकानदारों के साथ फाइनल डील हो चुकी है।