न कागजात, न आगे नंबर प्लेट और हेल्मेट भी नहीं पहने थे
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नशे के सौदागरों और अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत बीती रात शुक्रवार 10 बजे से चार बजे तक पंजाबभर में ऑपरेशन नाइट डोमोनेट चलाया गया। इसी क्रम में नंगल पुलिस की ओर से भी नंगल के साथ लगती हिमाचल की सीमा को सील कर नाका लगाया। नाके का नेतृत्व डीएसपी नंगल कुलवीर सिंह, थाना प्रभारी नंगल रोहित शर्मा व नया नंगल पुलिस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर सरताज सिंह ने किया। इस दौरान हिमाचल से पंजाब प्रवेश करने वाली हर गाड़ी की गहनता से जांच करने के बाद ही आगे बढ़ने दिया। इस दौरान चार मोटरसाइकिलों को भी थाने में बंद किया गया और डीएसपी ने कहा कि चारों चालकों के पास न तो मोटरसाइकिल के कागजात थे और न आगे नंबर प्लेट लगे थे और न ही हेल्मेट पहने हुए थे। चारों मोटरसाइकिलों के चालान कर थाने में बंद किया गया है। उधर, गुरु की नगरी श्री आंनदपुर साहिब में भी डीएसपी अजय सिंह के नेतृत्व में नाका लगाकर हर वाहन की गहनता से जांच करने के बाद ही आगे बढ़ने दिया गया। जिला भर में लगाए गए नाकों का जायजा लेते खुद जिला पुलिस प्रमुख गुलनीत सिंह मौजूद रहे। जिला रूपनगर पुलिस के प्रमुख गुलनीत सिंह खुराना ने कहा कि जिला भर में सतर्कता पुलिस नाके लगाए गए। उधर, डीएसपी नंगल कुलवीर सिंह ने कहा कि नंगल पुलिस ने नाके के दौरान चार मोटरसाइकिल जब्त किए गए।