नौ करोड़ के गबन के चलते विवादों में रही है सोसायटी
अनूप शर्मा अध्यक्ष और हरिओम उपाध्यक्ष चुने गए
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। विवादों में घिरी नंगल खुर्द एग्रीकल्चर कोऑपरेटिव सोसायटी बैंक में लंबे समय बाद आखिरकार नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। सोसायटी के सचिव पर नौ करोड़ रुपये के गबन के आरोपों के बाद लंबा विवाद चला और जांच की प्रक्रिया हुई। इसके बाद सचिव को गिरफ्तार कर लिया गया। सहकारिता विभाग की ओर से सोसायटी के लेन-देन पर रोक भी लगाई गई थी, जिससे खाताधारकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। अब नई कार्यकारिणी के गठन से उम्मीद जताई जा रही है कि इन समस्याओं का समाधान हो सकेगा। 13 नवंबर को ग्राम पंचायत की ओर से एक आम सभा बुलाई गई, जिसमें ग्रामीणों की सहमति से सोसायटी में नई कार्यकारिणी के गठन के लिए पांच नामों का चयन किया गया और एक कमेटी बनाई गई। इसके बाद शुक्रवार को विभाग की ओर से नियुक्त प्रशासक उमेश शर्मा की निगरानी और दिलबाग सिंह की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से अनूप शर्मा को अध्यक्ष चुना गया, जबकि हरिओम शर्मा को उपाध्यक्ष बनाया गया। कार्यकारिणी के अन्य सदस्य के रूप में दिलबाग सिंह, संजय कुमार और राजेश कुमार को मनोनीत किया गया। नई कार्यकारिणी का कार्यकाल छह महीने का होगा और इस अवधि के बाद कार्यों का आकलन कर भविष्य के लिए निर्णय लिया जाएगा। चुने गए अध्यक्ष अनूप शर्मा ने कहा कि सोसायटी के खाताधारकों को उनका रुका हुआ पैसा जल्द से जल्द जारी करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।