विकास खंड बंगाणा के किसानों के लिए कुटलैहड़ नारी शक्ति फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी का गठन किया गया। इस कंपनी की मुख्य बात यह होगी कि इसके शेयर होल्डर किसान होंगे। इससे कंपनी को होने वाला लाभ किसानों में ही बांटा जाएगा। फसलों का लाभ दूसरों के बजाय किसानों के द्वारा बनाए हुए एफपीओ में ट्रांसफर किया जाएगा।
किसानों को फसल के क्रय-विक्रय के अलावा बीज, खाद और विशेषज्ञों की सलाह भी मिल पाएगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा किसानों, खेतीबाड़ी सहित फसलों की मार्केटिंग आदि चीजों की पूरी जानकारी रखने के लिए इस कंपनी का गठन किया गया। यह एफपीसी किसानों को गांव से लेकर जिला और ब्लॉक स्तर तक सभी फसलों के बारे में पूरी जानकारी देगा। साथ ही विकास खंड बंगाणा की सभी पंचायतों के किसानों को इस संगठन में जोड़ा जाएगा। इस फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन में 700 के करीब किसान जुड़े होंगे।
विकास खंड अधिकारी सुभाष चंद अत्री, हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ब्लॉक मिशन कार्यकारी अधिकारी जतिन शर्मा ने कहा कि फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी में डायरेक्टर और सीईओ सहित अन्य बड़े पदों के लिए कर्मचारियों को किसान खुद तैनात कर पाएंगे। एचपीएसआरएलएम द्वारा गठित इस एफपीओ, कुटलैहड़ नारी शक्ति फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की एचपीएसआरएलएम टीम ने ब्लॉक बंगाणा में अपनी पहली बैठक की, जिसमें सुभाष चंद अत्री खंड विकास अधिकारी, जतिन शर्मा मिशन कार्यकारी अधिकारी और पारुल शर्मा क्षेत्र समन्वयक विकास खंड बंगाणा के अलावा बैठक में 120 महिला किसानों के साथ नवनिर्वाचित निदेशक मंडल (बीओडी) उपस्थित थे।