घनारी (ऊना)। हिमाचल प्रदेश ट्रैफिक टूरिस्ट रेलवे पुलिस ने डीएसपी कुलविंदर सिंह के नेतृत्व में उपमंडल गगरेट में एक व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैक्टर चालकों के दस्तावेजों और यातायात नियमों के अनुपालन की सख्ती से जांच की गई। अभियान में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात थे, जिन्होंने हर वाहन की गहन जांच की और चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। गगरेट में जगह-जगह लगाए गए विशेष नाकों पर टीटीआर पुलिस ने कई ट्रैक्टर चालकों के दस्तावेजों की गहनता से जांच की। कई चालकों के पास ट्रॉली पर इंडिकेटर नहीं थे, जबकि कुछ बड़े-बड़े स्पीकर लगाकर तेज आवाज में गाने बजाते पाए गए। पुलिस ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने चालकों को यातायात नियमों के महत्व के बारे में जागरूक किया। डीएसपी कुलविंदर सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का पालन हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। छोटे नियमों की अनदेखी भी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। संवाद