एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, प्लास्टिक के लिफाफे भी किए बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। जिला रूपनगर पुलिस की ओर से नशे के सौदागरों के खिलाफ शुरू की गई विशेष मुहिम के तहत नंगल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पांच नशे के सौदागरों को गिरफ्तार कर 150 ग्राम चिट्टा ,15 हजार की नकदी, इलेक्ट्रॉनिक कंडा व प्लास्टिक के लिफाफे भी बरामद किए हैं। थाना प्रभारी नंगल रोहित शर्मा ने कहा कि वह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान नंगल डैम की तरफ से एक कार आ रही थी। लेकिन, चालक पुलिस की टीम को देख कर गाड़ी को पीछे की ओर लेकर भागने लगा। जब पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार को रोक कर डैश बोर्ड की चेकिंग की तो उसमें से एक मोमी लिफाफे में रखा 150 ग्राम चिट्टा और 15 हजार ड्रग मनी के तौर पर बरामद किए। पांच लोगों रविंंद्र सिंह निवासी इंदिरानगर, मनप्रीत उर्फ मन्नी निवासी अप्पर दड़ौली, शुभम ठाकुर निवासी नंगल, बिक्कू निवासी इंदिरानगर और अमित कुमार निवासी शिवालिक एवेन्यू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित शर्मा ने कहा कि गिरफ्तार लोगों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी।