हरोली(ऊना)। पंचायतीराज चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से पालकवाह स्थित स्किल डेवलपमेंट सेंटर में वीरवार को पहली चुनावी रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल की अध्यक्षता एसडीएम हरोली विशाल शर्मा ने की। एसडीएम नेमतदान दलों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दौरान मतदान केंद्रों पर किए जाने वाले कार्यों, मतपत्र एवं अन्य चुनाव सामग्री के सही उपयोग, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर भी जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शंकाओं का भी समाधान किया गया। इस मौके पर चुनाव अधिकारियों में रजनीश शर्मा, राजन शर्मा, मुकेश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।