अंब के तहत मैड़ी क्षेत्र में जंगल में भड़की आग। संवाद
अंब(ऊना)। सनोह में आग के कारण पशुशाला जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर बाद उपमंडल अंब के तहत ज्वार और मैड़ी पंचायत के लगभग आधा दर्जन स्थानों पर वन क्षेत्र में भयंकर आग लग गई। आग ज्वार पंचायत के लंग्याणा क्षेत्र से शुरू हुई और तेज हवा के कारण तेजी से फैल गई। इससे लंग्याणा, लाहड़, लंबा सैल, मैड़ी, सनोह में सैंकड़ों कनाल वन क्षेत्र जल गया। आग के कारण सनोह में शिमलो देवी की स्लेटपोश पशुशाला में आग लग जाने के कारण उसके दोनों कमरों में रखा पशुचारा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर स्टेशन अंब, चिंतपूर्णी और ऊना से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। देर शाम तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता रहा। फायर स्टेशन अंब के इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि लगभग आधा दर्जन जगहों पर वन क्षेत्र में आग के मामले सामने आए हैं। फायर कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।