मैहतपुर में एक दुकान में लगी आग पर काबू पाते हुए विभाग कर्मी।संवाद
शनिवार दोपहर एक बजे के बाद अचानक हुआ शार्ट सर्किट
एसी, कंप्यूटर, विवाह के कार्ड और अन्य प्रिंटिंग सामग्री जलकर राख
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। मैहतपुर बाजार की एक प्रिंटिंग प्रेस में शनिवार को आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। दुकान के अंदर रखा सारा सामान पल भर में राख में तब्दील हो गया। पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके का मुआयना किया और दुकान के मालिक की शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर 1 बजे से लेकर 2:15 बजे के बीच अचानक आग लगी। इससे जगमोहन प्रिंटिंग प्रेस के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकान के मालिक गोल्डी के अनुसार कुछ देर पहले ही वह पास में अपने घर खाना खाने गया था। दुकान पर उस वक्त प्रिंटिंग प्रेस का मिस्त्री मौजूद था, जो कुछ मिनट पहले ही ऑफिस से दूसरी ओर यहां प्रिंटिंग का कार्य होता है उस तरफ गया था। इतने में ऑफिस से धुंआ निकलता हुआ दिखा। आकर देखा तो पल भर में ही आग ने अपना रौद्र रूप दिखाते हुए सारा सामान राख में बदल दिया। दुकान के मालिक गोल्डी के अनुसार यहां आग लगी वह उनका ऑफिस है और वहां पर लगा एक एसी, कंप्यूटर, वेडिंग कार्ड तथा अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया है। प्रारंभिक तौर पर दुकान के मालिक गोल्डी ने आग की इस घटना से हुए नुकसान का आकलन करते हुए बताया कि उनका लगभग 12 लाख का नुकसान हो गया है। उधर, मैहतपुर के थाना प्रभारी एमआर नायक ने आग की वजह शार्ट सर्किट बताई है। दुकान के मालिक की शिकायत दर्ज कर ली गई है और आगामी जांच की जा रही है।