ऊना। नारी स्थित डेरा बाबा रुद्रानंद और इसके सचिव प्रवीण शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर झूठी, भ्रामक और अपमानजनक सामग्री प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। डेरा के महंत हेमानंद की शिकायत पर सदर थाना ऊना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब विवादित पोस्ट प्रसारित करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस सामग्री से धार्मिक संस्था और उसके सचिव की प्रतिष्ठा तथा सार्वजनिक छवि प्रभावित हो रही है। इससे श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होने की आशंका भी जताई गई है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामग्री प्रसारित करने वाले व्यक्तियों की पहचान और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी।