दियाड़ा में टक्कर से क्षतिग्रस्त कारें। स्रोत जागरूक पाठक
देर रात हुआ हादसा, घायलों का उपचार जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। ऊना-अंब नेशनल हाईवे पर दियाड़ा गांव में शुक्रवार रात दो कारों में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में घायल चंदन कुमार (28), सुदेश कुमारी (58), रजनी (26) व सपना (28) सभी निवासी कोटला कलां ऊना को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है। वहीं, दूसरी गाड़ी में सवार सुंदरनगर के तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। इन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और आगामी तफ्तीश आरंभ की। बताया जा रहा कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज नहीं किया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात 12 बजे के करीब दियाड़ा गांव में दो गाड़ियों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार लोग घायल हो गए। वहीं, गाड़ियां भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मची चीखो पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को निजी गाड़ियों में उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार हुई दिल्ली नंबर कार में सवार लोग सुंदरनगर के रहने वाले हैं। जबकि, दूसरी गाड़ी में सवार लोग जिला ऊना के कोटला कलां के रहने वाले हैं। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस हादसे को लेकर जांच में जुट गई है। दोनों पक्षों में समझौता होने के चलते केस दर्ज नहीं है। पुलिस अपने स्तर पर जांच में जुटी है।