संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना मैहतपुर के तहत बनगढ़ में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटर सवार घायल हो गया। पुलिस ने स्कूटर सवार की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार स्कूटर सवार गुरदेव सिंह निवासी वार्ड-2 गांव बनगढ़ जिला ऊना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार को अपने स्कूटर पर सवार होकर घर से मैहतपुर बाजार की तरफ सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान गांव के शिव मंदिर के पास उतराई में पहुंचा तो उसी समय सामने से एक कार तेज रफ्तार में आई। उसने स्कूटर का ब्रेक लगाया, लेकिन कार चालक ने उसके स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे में वह स्कूटर सहित सड़क पर ही गिर गया। हादसे में उसके टांगों व शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। कहा कि कार को एक महिला चला रही थी, जो हादसे के बाद कार मौके पर छोड़कर भाग गई। उसके परिवार ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।