सिविल अस्पताल नंगल में खड़ी कारें। संवाद
पार्किंग को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने निजी ठेकेदार को दिया ठेका
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नागरिक अस्पताल नंगल में उपचार करवाने या किसी रिश्तेदार की खबर लेने जा रहे हैं तो अब परिसर में वाहन पार्क करने के लिए शुल्क देना पड़ेेगा। अस्पताल प्रशासन ने दोपहिया और चारपहिया वाहन पार्किंग करने के लिए व्यवस्था शुरू कर दी है। मोटरसाइकिल है तो 10 रुपये, कार के 30 रुपये अदा करने होंगे। वह भी सुबह आठ से बाद दोपहर 3 बजे तक। कुछ लोग इस कदम को जायज मानते हुए कहते हैं कि अगर मात्र 10 रुपये खर्च कर आपका दोपहिया वाहन सुरक्षित रहता है तो कोई चिंता की बात नहीं है। इससे पहले सिविल अस्पताल की चहारदीवारी के भीतर भी कई दोपहिया वाहन चोरी हो चुके हैं। इस बारे में ठेकेदार लक्की से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने ठेका देने के लिए अखबार में विज्ञापन दिया था और उसके बाद उन्हें ठेका अलाॅट किया गया है। एक साल का डेढ लाख रुपये देना तय हुए हैं। ठेकेदार ने लोगों से अपील की कि अस्पताल के बाहर गाड़ी खड़ी करोगे तो उसकी कोई जिम्मेदारी नही हैं। अस्पताल की एसएमओ डाॅ. सुरेंद्र कौर ने कहा कि अस्पताल से दोपहिया वाहन काफी चोरी हो चुके हैं। इसलिए पूरे पंजाब की तरह यहां भी इसका ठेका दिया गया है।