रायपुर मैदान स्कूल में निर्धन परिवारों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च वहन करेगा स्कूल
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर मैदान में अति निर्धन परिवार के पढ़ाई-लिखाई करने वाले बच्चों की शिक्षा के लिए 75000 रुपये की एफडी शुरू की गई है। यह एफडी स्कूल की तरफ से ही शुरू की गई।
इस एफडी की राशि के ऊपर मिलने वाले सालाना ब्याज से इन बच्चों की स्कूल फीस प्रदान की जाएगी। इस एफडी से दसवीं कक्षा की रूबी, गीता, महक, 12वीं की कुसुम देवी, लेविस, कंगना, प्रीति और तमन्ना की पढ़ाई का खर्चा प्रदान किया जाएगा। स्कूल के प्रधानाचार्य नरदेव सिंह ने बताया कि एफडी का मूल 10 साल के लिए बैंक में फिक्स रहेगा और इसका ब्याज निकालने के लिए प्रधानाचार्य, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष और संरक्षक स्थानीय निवासी मोहन सिंह के हस्ताक्षर अनिवार्य किए गए हैं। इस ब्याज के लिए स्कूल प्रबंधन समिति का अलग अकाउंट खोला गया है। इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत रायपुर मैदान रीता देवी, उपप्रधान सत्य नारायण शर्मा, प्रधान स्कूल प्रबंधन समिति संतोष कुमारी, प्रवक्ता जीव विज्ञान पूनम जगोता, प्रवक्ता भौतिक विज्ञान सुरेंद्र शर्मा, प्रवक्ता अर्थशास्त्र मदन लाल तथा अन्य अध्यापक उपस्थित रहे। इस मौके पर पाठशाला की दीपिका, नव्या, राधिका, अराधना, दीक्षा, श्रुति, रंगीनि, हर्ष और रूशी सहित कुल 50 बच्चे उपस्थित रहे।