पुलिस ने पिता की शिकायत पर दर्ज किया मामला, जांच शुरू
पिता ने कहा- लिफ्ट के लिए छत पर खाली छोड़े स्थान से नीचे गिरा बेटा
बार-बार पूछने पर भी प्रबंधन ने नहीं बताया मौत का कारण
बीते अप्रैल को आईटीआई खेलों में छत से गिरने से हुई थी प्रशिक्षु की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊना में अप्रैल को खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान एक प्रशिक्षु की छत के गिरकर मौत होने के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक युवक के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके बेटे की मौत आईटीआई प्रबंधन और उस इमारत को तैयार करने वाले ठेकेदार की लापरवाही के कारण हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पवन कुमार निवासी गांव और डाकघर धुंधला थाना बंगाणा जिला ऊना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके तीन लड़के और बेटी है। उसके जुड़वा बेटों में कृष्ण कुमार उम्र 19 साल बंगाणा आईटीआई में मोटर मैकेनिक ट्रेड में प्रशिक्षण लेता था। पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि कृष्ण कुमार बीती दो अप्रैल को बंगाणा आईटीआई की तरफ से ऊना आईटीआई में खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने गया था, लेकिन पांच अप्रैल को शाम के समय उसे बंगाणा आईटीआई के एक अध्यापक का फोन आया कि उनके बेटे को चोट लग गई है। इसके बाद उन्होंने पता किया तो उन्हें बंगाणा आईटीआई के एक अन्य अध्यापक ने बताया कि उनका बेटा क्षेत्रीय अस्पताल के आपातकाल में है, जिसके बाद वह अपने भाई और पत्नी के साथ बंगाणा आईटीआई के प्रधानाचार्य की गाड़ी में सवार होकर अस्पताल पहुंचे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अस्पताल में दो घंटे बैठे रहने के बाद भी उनके बेटे के बारे में नहीं बताया गया। उसके बाद अस्पताल के शवगृह में ले जाकर उन्हें बेटे का शव दिखाया गया। पवन कुमार ने कहा कि उसके कई बार पूछे जाने के बाद भी यह किसी ने नहीं बताया कि बेटे की मौत कैसे हुई।
लिफ्ट के लिए छोड़ी जगह में गिरा कृष्ण
पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि अपने स्तर पर पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि ऊना आईटीआई की नई बनी इमारत में लिफ्ट के लिए जगह छोड़ी हुई थी। उस स्थान को न ढका गया था और न वहां कोई चेतावनी लिखी थी। अनजाने में उसके बेटे का पैर उस स्थान पर जाने से यह हादसा हुआ है। इसके लिए आईटीआई का प्रशासन जिम्मेदार है और साथ में इमारत तैयार करने वाला ठेकेदार भी। उन्होंने कहा कि उस क्षेत्र को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए था। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके बेटे के साथियों और आईटीआई प्रबंधन से पूछताछ तक पूरे मामले को खंगाला जाए और जिम्मेदार पर कार्रवाई हो।
कोट्स
इस मामले में पुलिस पहले से जांच में जुटी है। जहां हादसा हुआ, वह स्थान खेलकूद से जुड़े परिसर से काफी हटके बना है। किन कारणों से प्रशिक्षु वहां गया और किस परिस्थिति में यह हादसा हुआ, इसका खुलासा पुलिस जांच में ही संभव है।
ई. अंशुल भारद्वाज, प्रधानाचार्य, आईटीआई, ऊना
-
आईटीआई में बीते अप्रैल माह को हुए हादसे के मामले में मृतक युवक के पिता की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जाएगी
राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक, ऊना