ऊना। जिला ऊना के एक उच्च शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत बेटे को प्रबंधन वर्ग की ओर से झूठी शिकायतों से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं। लखनऊ निवासी कैलाश पांडे ने इस संबंध में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत की है। कैलाश पांडे का आरोप है कि बीते तीन दिन से संस्थान के निदेशक मिलने का समय नहीं दे रहे हैं। स्थानीय पुलिस भी संस्थान के निदेशक से मिलाने में कामयाब नहीं हुई। बुधवार को अपनी व्यथा लेकर एमसी पार्क ऊना पहुंचे उत्तर प्रदेश के रेलवे कॉलोनी, बालागंज निवासी कैलाश पांडे ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका बेटा ऊना के उच्च शिक्षण संस्थान में बीएएसी आईटी विषय में अध्ययनरत है। बीते काफी समय से उनके बेटे को संस्थान प्रबंधन मानसिक तौर पर परेशान कर रहा है।
दरअसल, बीते वर्ष इससे प्रबंधन वर्ग ने झूठी बात बनाकर फोन छीन लिया। फोन वापस लेने के लिए जब अभिभावक स्तर पर दबाव बनाया गया तो लिखित समझौते के तहत संस्थान ने फोन वापस किया। कैलाश पांडे ने बताया कि निदेशक की ओर से समझौते में तय हुआ कि भविष्य में उनसे मिलने का समय लेने के बाद भेंट करेंगे, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा। इसी समझौते के बाद से इनके बेटे को बेवजह कभी संस्थान में वाहन पार्किंग तो कभी सुरक्षाकर्मियों से झूठी शिकायतें देकर प्रताड़ित किया जा रहा है। अब जब यहां से संस्थान की डिग्री लेने के संबंध में भी पूछना चाह रहे हैं तो भी संस्थान बातचीत को तैयार नहीं। उपायुक्त ऊना को भी इस संबंध में शिकायत की है। कैलाश पांडे ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से भी विषय में कार्रवाई की मांग की है।
उधर, डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने उचित कार्रवाई की है। शिक्षण संस्थान प्रबंधन और शिकायतकर्ता के बीच का विवाद है। शिकायतकर्ता ने बात न बनने पर उच्च विभागीय कार्रवाई की बात कही है।