उपमंडल बंगाणा में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद स्थनीय लोग।संवाद
बंगाणा में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस धूमधाम से मनाया
किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि कार्ड जरूर बनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में 100 से ज्यादा किसानों ने भाग लिया। उपमंडल बंगाणा के वरिष्ठ पशु चिकित्सक अधिकारी डॉ. राजेश कुमार जंगा ने कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। लठियाणी पशु अस्पताल के प्रभारी डॉ. अभिनव राणा, डॉ. दीपिका ठाकुर, डॉ. श्रेया ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने किसानों को अच्छी नस्ल के पशु रखने और उन्हें समय-समय पर टीकाकरण करवाने पर जोर दिया। डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि अच्छी नस्ल के दुधारू पशु रखकर किसान आर्थिकी मजबूत करें। डॉ. वर्गीज कुरियन जिन्हें भारत में श्वेत क्रांति के जनक के रूप में जाना जाता है, उन्होंने भारत के विभिन्न जगहों पर जाकर किसानों और श्रमिकों की ओर से चलाए जा रहे 30 संस्थानों की स्थापना की। उन्हीं के प्रयासों के परिणाम स्वरूप भारत वर्ष 1998 में अमेरिका को पीछे छोड़ते हुए दूध का सबसे बड़ा उत्पादक बन गया था। डॉ. राजेश ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश होने के परिणामस्वरूप दुनिया का 22 फीसदी से अधिक और एशिया के कुल दूध उत्पादन का 57 प्रतिशत हिस्सा कवर करता है। कहा कि सभी किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि कार्ड जरूर बनाएं। वर्तमान समय में उपमंडल बंगाणा में अजय जसवाल जैसे कई किसान हैं जिन्होंने डायरी या गॉट फॉर्म खोलकर अपनी आर्थिकी मजबूत की है।