ऊना। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले के दो विकास खंड ऊना और हरोली के आलू उत्पादकों की फसल का बीमा 31 दिसंबर तक किया जाएगा। कृषि उपनिदेशक डॉ. कुलभूषण धीमान ने बताया कि किसान की ओर से आलू की फसल की देय प्रीमियम राशि 250 रुपये प्रति कनाल है एवं बीमित राशि 5000 रुपये प्रति कनाल है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी किसान अपनी आलू की फसल का बीमा करवाना चाहते हैं तो वे अपने नजदीक के लोकमित्र केंद्र में आवश्यक दस्तावेजों जैसे कि आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जमीनी फर्द एवं फसल बुआई प्रमाण पत्र अनिवार्य रहेंगे। इसके अतिरिक्त ठेके पर जमीन लेकर आलू की खेती करने वाले किसानों को हलफनामा बनवाकर लगाना अनिवार्य रहेगा। बताया कि पिछले वर्ष भी खरीफ की फसल के लिए जिले के किसानों को कंपनी द्वारा अच्छा क्लेम प्रदान किया गया जो सीधा किसानों के खातों में डाल दिया गया। यह राशि किसान द्वारा देय प्रीमियम से लगभग पांच गुणा ज्यादा दी गई है। जिलेभर के 436 आलू उत्पादकों के 34.30 लाख रुपये प्रीमियम के बदले, 1.60 करोड़ रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई थी। डॉ. कुलभूषण धीमान ने बताया कि जिले के किसान 15 दिसंबर तक अपनी गेहूं की फसल का बीमा भी करवा सकते हैं। गेहूं की फसल की कुल बीमित राशि 60 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर और प्रीमियम 12 प्रतिशत (कुल राशि 7200 प्रति हेक्टेयर) निर्धारित की गई है। इसमें किसान की ओर से 15 प्रतिशत राशि (900 रुपये प्रति हेक्टेयर, 36 रुपये प्रति कनाल) वहन की जाएगी। शेष राशि सरकार अनुदान के रूप में भरपाई करेगी। इसके अलावा किसान बीमा करवाने के लिए हल्का पटवारी से अपनी जमीन की जमाबंदी नकल और फसल प्रमाण पत्र करने के बाद लोकमित्र केंद्र में प्रपत्र भरकर जमा करवाएं और प्रीमियम की रसीद भी अवश्य प्राप्त कर लें।