बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के गांव मुच्छाली में बुधवार को एचपी-शिवा प्रोजेक्ट के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बागवानी उपनिदेशक डॉ. केके भारद्वाज ने की। कार्यशाला में मुच्छाली, चडोली, नलवाड़ी सहित चार क्लस्टरों से आए करीब 65 किसानों ने भाग लिया। डॉ. केके भारद्वाज ने किसानों से शिवा परियोजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर गुणवत्तापूर्ण फल उत्पादन करने का आह्वान किया। शिमला से आए पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. मनोज जोशी और लिंगराज पांडा ने पर्यावरण एवं सामाजिक सुरक्षा मानकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। विशेषज्ञ राव साहब ने किसानों को अमरूद सहित अन्य फलों की कटाई के बाद ग्रेडिंग, गुणवत्ता संरक्षण, पैकिंग, भंडारण और विपणन की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र के दौरान किसानों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका विशेषज्ञों ने व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया।