बाबा हरीशाह दरबार अंबोआ के बैनर तले होगा आयोजन
पहले चरण में प्रतियोगिता के लिए तलवाड़ा में 30 मार्च को होगा आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
मुबारिकपुर (ऊना)। गगरेट क्षेत्र के बाबा हरीशाह दरबार अंबोआ के तत्वावधान से आगामी दिनों में खिताब-ए-शीर्षक से सिंगिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हिमाचल और पंजाब के बच्चों व युवाओं को अपनी गायन प्रतिभा को प्रदर्शित करने का मंच मिलने जा रहा है। इस प्रतियोगिता का प्रतिज्ञा संस्था व बाबा हरीशाह दरबार की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा है। वीरवार को इस प्रतियोगिता को लेकर जानकारी साझा करने के लिए दरबार के मुख्य सेवक गद्दीनशीन बाबा राकेश शाह, हनीराजा शिवम बक्शी, अंकुश, स्वान्ति पुरी और देवेन शर्मा की ओर से पत्रकार वार्ता की गई। इसमें हनी राजा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में 8 वर्ष से 17 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 18 से 30 वर्ष तक का कोई बच्चा या युवा भाग ले सकता है। इस प्रतियोगिता का आयोजन चार चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में प्रतियोगिता के लिए तलवाड़ा में 30 मार्च, ऊना में 6 अप्रैल, कांगड़ा में 15 अप्रैल, जालंधर में 20 अप्रैल, गगरेट में 18 अप्रैल को निर्धारित कार्यक्रम अनुसार ऑडिशन होंगे। दूसरे चरण में सीनियर प्रतिभागियों के लिए 3 मई तथा जूनियर प्रतिभागियों के लिए 4 मई को दौलतपुर चौक महादेव पब्लिक स्कूल और तीसरा चरण 18 मई को अंब में टॉप टेन चयन के बाद चौथे चरण ग्रांड फिनाले का आयोजन आगामी निर्धारित कार्यक्रम अनुसार होगा। जूनियर वर्ग में प्रथम विजेता को 31,000 , द्वितीय को 21,000 तथा तृतीय को 11,000 पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, सीनियर वर्ग में प्रथम विजेता को 51,000, द्वितीय को 31,000 तथा तृतीय को 21,000 का पुरस्कार दिया जाएगा ।