दौलतपुर चौक(ऊना)। राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए संस्कृत मंत्रों के अर्थ एवं शुद्ध उच्चारण विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें संस्कृत विभाग की प्रो. डॉ. अनुराधा ने विद्यार्थियों को मंत्रों के महत्व, भावार्थ और सही उच्चारण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्कृत मंत्रों का केवल पाठ करना पर्याप्त नहीं है बल्कि उनके शब्दों के अर्थ और उनमें निहित भावों को समझना भी जरूरी है। उन्होंने गायत्री मंत्र का उदाहरण देते हुए उसके शुद्ध उच्चारण, शब्दार्थ और आध्यात्मिक महत्व को सरल तरीके से समझाया। साथ ही विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भाषा और संस्कृति का ज्ञान भी जरूरी है। इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. गौरव राणा और प्रो. आंचल सहित अन्य मौजूद रहे।