बंगाणा में 26 जुलाई को होगा जिलास्तरीय कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। भारतीय जनता पार्टी कुटलैहड़ मंडल की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक वीरवार को मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें मंडल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो और सूरम सिंह सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में आगामी दो प्रमुख कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ ने जानकारी दी कि 26 जुलाई को राष्ट्रीय कारगिल विजय दिवस पर एक भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन बंगाणा में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गगरेट के पूर्व विधायक राजेश ठाकुर होंगे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम मिन्हास, जिला ऊना के सभी भाजपा वरिष्ठ नेता, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समस्त भाजपा कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अन्य प्रकोष्ठों के सदस्य भाग लेंगे। कार्यक्रम में बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। कारगिल युद्ध के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही 27 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात' का राज्य स्तरीय आयोजन भी बंगाणा के एक निजी स्थल पर किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के संदेश को साझा करेंगे।
बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और