ऊना। थाना हरोली के तहत घालूवाल में बीते सोमवार देर रात हुई चोरी के मामले में पुलिस की छापेमारी तो जारी है, लेकिन अभी तक इसमें किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इस वारदात के बाद पूरे घालूवाल बाजार में भय का माहौल है। जानकारी के अनुसार घालूवाल में हरोली सड़क मार्ग पर किसी शातिर ने बीते सोमवार की देर रात दुकानों के ताले तोड़ते हुए नकदी सहित सामान पर अपने हाथ साफ किए। एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर दिखा है। शातिरों ने घालूवाल से सलोह चौक तक बारी-बारी तीन दुकानों को अपना निशाना बनाया। इस संबंधी डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस के हाथ कुछ सबूत लगे हैं। आरोपियों की तलाश जारी है। कुछ संदिग्ध स्थानों पर पुलिस की टीम ने छापेमारी भी की, लेकिन अभी आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की दबिश में होंगे।