संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। विश्व रक्तदान दिवस पर बीबीएमबी अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन बीबीएमबी के मुख्य अभियंता सीपी सिंह की ओर से किया गया। इसके अलावा बीबीएमबी अस्पताल के नर्सिंग ट्रेनिंग स्कूल की छात्राओं की ओर से लोगों को अधिक से अधिक मात्रा में रक्तदान करने के लिए जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। रैली को भी बीबीएमबी मुख्य अभियंता की ओर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीबीएमबी अधिकारियों और कर्मचारियों ने इच्छा से जरूरतमंद लोगों के लिए रक्तदान करने की शपथ भी ली। मुख्य अभियंता सीपी सिंह ने कहा कि विश्व रक्तदान दिवस के मौके पर बीबीएमबी की ओर से 14 से लेकर 21 जून तक पूरे एक सप्ताह रक्तदान दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान जो भी रक्तदान करना चाहे, बीबीएमबी अस्पताल में आकर कर सकता है। रक्तदान को हमारे समाज में सबसे बड़ा दान माना जाता है और आपके दान किए रक्त से किसी की बहुमूल्य जीवन को बचाया जा सकता है।