कर्मचारी संघ ने सीएम को याद दिलाया वादा
बोले- अन्य निगम और बोर्ड के कर्मचारियों को मिल रहा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राज्य कृषि विपणन बोर्ड और मंडी समिति कर्मचारी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवराज ठाकुर ने प्रेस बयान में कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड और मंडी समितियों के कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की पेंशन सुविधा नहीं है। पूर्व की सरकारों में अन्य सभी बोर्डों व निगमों में पेंशन लगाई गई थी लेकिन राज्य कृषि विपणन बोर्ड जो कभी भी घाटे में नहीं रहा है, इस बोर्ड के कर्मचारियों को पेंशन से वंचित रखा गया है। हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के आय के स्वयं के स्रोत हैं। सभी प्रकार के खर्चों का वहन विपणन बोर्ड की ओर से स्वयं किया जाता है और राज्य सरकार के वित्तीय कोष पर इसका कोई भी प्रभाव नहीं पड़ता है। सीएम ने संघ की ओर से प्रदेश के सभी विभागों, निगम, बोर्ड के सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस का आश्वासन दिया है। बोर्ड और मंडी समितियों के 300 के करीब कर्मचारी सीएम के आश्वासन मिलने के बाद आज तक इंतजार में बैठे है। संघ ने सीएम से आग्रह किया है कि राज्य कृषि विपणन बोर्ड और मंडी समितियों के कर्मचारियों को भी स्वयं के आर्थिक स्रोतों से पुरानी पेंशन लगाने की अनुमति प्रदान की जाए।