बिना किसी अग्रिम सूचना के काटे जाएंगे बिजली कनेक्शन
बंगाणा उपमंडल में 12.50 लाख रुपये के बिल बकाया
एसडीओ बोले- स्टाफ की कमी के कारण बिना नोटिस के होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। विद्युत बोर्ड बंगाणा के सहायक अभियंता ईं. उदित सिंह ने बताया कि उपमंडल के 1600 उपभोक्ताओं ने लंबे समय से करीब 12.50 लाख रुपये के बिजली बिल जमा नहीं करवाए हैं। इनमें मुच्छाली, हटली, डोहगी, धुंदला, ननावी, मलांगढ़, लठियाणी, चमियाड़ी, बुधान, कोहडरा, डुमखर, नलवाड़ी, तलमेहड़ा और खडोल के उपभोक्ता शामिल हैं। उन्होंने आग्रह किया है कि उपभोक्ता शीघ्र अपने बकाया बिजली बिल जमा करें, अन्यथा अगले हफ्ते से बिना किसी अग्रिम सूचना के उनका बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से काट दिया जाएगा। दोबारा कनेक्शन जोड़ने पर उपभोक्ताओं को 250 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया कि स्टाफ की कमी के कारण विभाग कोई नोटिस जारी नहीं करेगा। एक बार मीटर कट जाने पर स्टाफ की कमी के चलते दोबारा जोड़ने में समय लग सकता है। किसी भी असुविधा से बचने के लिए उपभोक्ताओं को समय पर बिल जमा कराने की सलाह दी गई है।