ऊना। नगर परिषदों तथा नगर पंचायतों के लिए चुनाव में उम्मीदवारों के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया वीरवार से शुरू हो रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए उम्मीदवार 24, 26 और 28 दिसंबर को प्रात: 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र भर सकेंगे। राघव शर्मा ने कहा कि 29 दिसंबर की सुबह 10 बजे के बाद नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। 31 दिसंबर की सुबह 10 से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन वापस ले सकेंगे। नामांकन पत्र वापस लेने के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शहरी निकायों के चुनाव के लिए मतदान 10 जनवरी, 2021 की प्रात: 8 से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी और फिर नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। राघव शर्मा ने सभी उम्मीदवारों से आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। कहा कि सभी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए जारी किए गए कोविड गाइडलाइंस की पालना भी सुनिश्चित करें।